रामगढ़: रेलवे सुरक्षा बल पतरातू ने गुरुवार को रेल सम्पति चोरी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपित के पास से रेलवे के 41 पेन्ड्रोल क्लिप बरामद किए गए।
इस संबंध में आरपीएफ पतरातू पोस्ट की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि निरीक्षक प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक सोनू कुमार, उप निरीक्षक प्रवीण कुमार सदलबल गश्ती पर थे। इस क्रम में दोपहर तकरीबन 12:15 बजे गश्ती दल ने जयनगर अंडरपास के निकट एक संदिग्ध को प्लास्टिक के बोरी में वजनी सामान के साथ जाते देखा गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर पोल संख्या 119/19-21 के बीच संदिग्ध को पकड़ लिया। बोरी की तलाशी लेने पर उसमें कुल 41 अदद रेलवे के पेन्ड्रोल क्लिप बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त की पहचान तापेश्वर प्रजापति (35 वर्ष) पिता स्व. सोहराय प्रजापति, निवासी जयनगर कुम्हार टोला, थाना पतरातू, जिला रामगढ़ के रूप में हुई।
बरामद सामान के संबंध में वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और स्वीकारोक्ति बयान में उसने अपराध स्वीकार किया। जिसपर आरपीएफ ने नियमानुसार साक्ष्य संकलित करते हुए गवाहों के समक्ष पेन्ड्रोल क्लिप जब्त किया। मामले में उप-निरीक्षक प्रवीण कुमार की प्राथमिकी पर 3RP(UP) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जबकि उप निरीक्षक सोनू कुमार को अनुसंधान का जिम्मा सौंपा गया है।
