ग्रामीणों की शिकायतों का शीघ्र निष्पादन करें सुनिश्चित : ऋतुराज
रामगढ़: विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों के हितों की रक्षा भी जरूरी है। ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ शिकायतों का यथाशीघ्र निष्पादन भी सुनिश्चित किया जाए। यह बातें रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने गुरुवार को
कोतरे बसंतपुर पंचमो (केबीपी) कोल परियोजना के संचालन को लेकर समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में कही।
उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने केबीपी कोल परियोजना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं परियोजना प्रबंधन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परियोजना क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों के हितों का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
वहीं उपायुक्त ने परियोजना के तहत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से रोजगार उपलब्धता, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने रोजगार, परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा, जलापूर्ति सहित अन्य स्थानीय मुद्दों को सखा। जिसपर उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं परियोजना प्रबंधन को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान हेतु ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि परियोजना क्षेत्र में पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और प्रदूषण नियंत्रण हेतु आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता संबंधित विभागों के पदाधिकारी, परियोजना से जुड़े अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
