| रामगढ़ में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की हुई बैठक |
बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने पर चालान काटने का सख्त निर्देश
रामगढ़: जिला समाहरणालय सभाकक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिसमें पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी उपस्थित रहे। बैठक में सर्वप्रथम जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में चुट्टूपालू घाटी में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने वर्तमान में घाटी में लगाई गई लाइटों के नियमित रूप से कार्य करने की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने घाटी क्षेत्र में दुर्घटनाओं को रोकने हेतु लगाए गए साइन बोर्ड की संख्या में वृद्धि करने तथा वाहनों की गति (स्पीड) कम करने हेतु कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान घाटी में ओवर स्पीडिंग पर रोक लगाने, हाई मास्ट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने, सघन वाहन जांच अभियान चलाने, जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन तथा ब्लैक स्पॉट चिंहितिकरण आदि को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का को सड़क दुर्घटना को रोकने एवं अवैध परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न स्थानों पर संघन वाहन जाँच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया ।
वहीं उपायुक्त ने बताया कि सड़क दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्ति को त्वरित अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों (Good Samaritan) को प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा करना है ताकि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को ‘गोल्डन ऑवर’ में तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके और उसकी जान बचाई जा सके। इसके साथ ही उन्होंने ‘हिट एंड रन’ दुर्घटना से संबंधित मुआवजा योजना की लाभ प्रक्रिया की भी विस्तृत समीक्षा की और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों, अधिकारियों, मोटर यान निरीक्षक मोनू मृणाल, बिपुल उरांव, यातायात प्रभारी गंजेन्द्र पांडेय, आईटी अस्सिस्टेंट सड़क सुरक्षा विकास कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।
