| रेल दुर्घटना की परिस्थिति में राहत और बचाव कार्य का किया पूर्वाभ्यास |
पतरातू (रामगढ़): पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल अंतर्गत पतरातू यार्ड में रेलवे सुरक्षा बल पतरातू पोस्ट ने ट्रेन दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल किया। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के निर्देश पर आरपीएफ पतरातू निरीक्षक प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में मॉक ड्रिल संपन्न हुआ।
इस दौरान यार्ड में खड़ी स्टेबल रेक को दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन मानते हुए राहत एऔर बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही आरपीएफ टीम ने त्वरित प्रतिक्रिया दिखाई। अभ्यास में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने, उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने, घटनास्थल की घेराबंदी करने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने से पूर्व आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान करने की पूरी प्रक्रिया का ऑन साइट परीक्षण किया गया।
इस अभ्यास में रेलवे सुरक्षा बल के साथ-साथ चिकित्सा विभाग, कैरिज एंड वैगन, सिग्नल एंड टेलीकॉम तथा पीडब्ल्यूआई विभाग के कुल 31 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि वास्तविक आपातकाल में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मॉक ड्रिल में आरपीएफ निरीक्षक अजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक सोनू कुमार, उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, पीडब्ल्यूआई विभाग से शशि कुमार एवं उनकी टीम तथा चिकित्सा विभाग से डॉ. अभिषेक कुमार और उनकी टीम शामिल रही।
