गिद्दी (हजारीबाग):  सीसीएल अरगड्डा प्रक्षेत्र के गिद्दी सी चेकपोस्ट पर दो दिन पहले की गई फायरिंग के मामले में पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य मो. वारिस को गिरफ्तार किया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार बीते दो जून की शाम बुलेट पर सवार दो अपराधी गिद्दी सी चेकपोस्ट पहुंचे और आम लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए थे। घटना के अगले दिन 03 जून को गिद्दी थाना में कांड संख्या 13/26, धारा 109(1)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया। टीम में पुलिस निरीक्षक मो. शाहिद रजा, थाना प्रभारी गिद्दी मो. इकबाल हुसैन, ओपी प्रभारी उरीमारी रथु उरांव सहित गिद्दी थाना और उरीमारी ओपी के पदाधिकारी व सशस्त्र बल शामिल थे। टीम को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य मो. वारिस अपने घर पुन्दोल (चंदोल), थाना बड़कागांव में छिपा है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित छापेमारी कर वारिस को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म, हथियार बरामद

प्रारंभिक पूछताछ में मो. वारिस ने गिद्दी सी चेकपोस्ट पर फायरिंग करने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि फायरिंग में उसके साथ राहुल दुबे गिरोह के दो अन्य सदस्य भी शामिल थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 7.62 एमएम का एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार मो. वारिस, पिता मो. मुस्तकिम, उम्र 22 वर्ष, का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर बड़कागांव, उरीमारी, कटकमदाग और गिद्दी थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट, रंगदारी, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश समेत 7 मामले दर्ज हैं।

दो अभियुक्त अभी भी फरार

पुलिस ने बताया कि वारिस ने पूछताछ में फायरिंग में शामिल दो अन्य अपराधियों के नाम भी बताए हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए SIT लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार अपराधी भी गिरफ्त में होंगे। फिलहाल पुलिस मो. वारिस से गहन पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

By Admin

error: Content is protected !!