अनियंत्रित ट्रक ने फास्ट फूड की दुकान को पहुंचाया नुकसान, बाइक भी रौंदा
रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत पतरातू-रामगढ़ फोरलेन पर रेलवे स्टेशन गेट के निकट शुक्रवार की रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे फास्ट-फूड की दुकान से जा टकराया। इस क्रम में दुकान के पास दो युवकों को ट्रक ने चपेट में ले लिया। दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि एक को मामूली चोटें आई हैं। वहीं दुकान को भी काफी क्षति पहुंची है। दुकान के किनारे खड़ी संचालक की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार कोयले का चूर (कोल फाइन्स) लदा 12 चक्का ट्रक (JH 29B 3365) रात तकरीबन साढ़े नौ बजे पतरातू से रामगढ़ की ओर जा रहा था। इस क्रम में भदानीनगर पोस्ट ऑफिस के निकट ट्रक अनियंत्रित होकर जितेंद्र कुमार के फास्ट-फूड दुकान से जा भिड़ा। इस दौरान दुकान पर चाउमिन खा रहा युवक प्रेम केशरी ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि एक अन्य युवक को हल्की चोटें लगी। ट्रक की टक्कर से दुकान को काफी क्षति पहुंची। वहीं सड़क किनारे खड़ी संचालक जितेंद्र कुमार की बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
मामले की जानकारी पर पहुंची भदानीनगर पुलिस ने आनन-फानन में एंबुलेंस पर गंभीर रूप से घायल प्रेम को सदर अस्पताल भिजवाया। वहीं अन्य युवक को उपचार के लिए स्थानीय क्लिनिक में ले जाया गया। घटना से स्थानीय लोगों आक्रोशित हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सरकार और प्रशासन के सारे कायदे-कानून दुपहिया वाहन चालकों के लिए हैं। सड़क पर अंधाधुंध रफ्तार में बेतहाशा भागते ट्रांसपोर्टिंग वाहनों की जवाबदेही कोई नहीं लेता। कई ड्राइवर नशे में धुत दिखते हैं और वाहन पर खलासी भी नहीं होता है। ट्रांसपोर्टर पैसे बचाने के चक्कर में नौसिखियों को भी स्टेयरिंग थमा दे रहे हैं। सड़क पर 24 घंटे काल बनकर दौड़ रहे मालवाहक वाहनों के लिए अधिकारियों को जागरूक होने की जरूरत है। बहराल, खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर भीड़ जुटी हुई थी और कौतूहल का माहौल रहा।
बताते चलें कि शुक्रवार की अहले सुबह भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सौंदा ‘डी-सौंदा बस्ती मुख्य मार्ग पर भी कोयले का चूर लदा एक 12 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें ट्रक पर लदा कोयले का चूर सड़क पर पसर गया। हालांकि दुर्घटना में चालक सुरक्षित रहा।
