हजारीबाग: डेमोटांड़ स्थित बिरहोर टोला में शुक्रवार को बिरहोर परिवारों के समग्र विकास के लिए जिला प्रशासन ने विशेष शिविर का आयोजन किया। जिसमें खाद्य आपूर्ति, पेयजल एवं स्वच्छता, वन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, उद्योग, मनरेगा, आवास, आधार, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर बिरहोर परिवारों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान उप विकास आयुक्त रिया सिंह ने बिरहोर टोला पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने बिरहोर परिवारों की मूलभूत आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप विकास आयुक्त ने बिरहोर टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र के नियमित संचालन में लापरवाही पर आंगनबाड़ी सेविका को फटकार लगाते हुए नियमित रूप से केंद्र संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच स्वेटर का भी वितरण किया।
उन्होंने बिरहोर परिवारों के आवासों का निरीक्षण करते हुए क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत कराने एवं आवास से संबंधित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय में शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। बिरहोर परिवारों द्वारा उपयोग किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने तथा पेयजल संबंधी समस्याओं का 15वें वित्त आयोग की राशि से निराकरण करने का निर्देश भी दिया। जंगली हाथियों के संभावित आक्रमण से बिरहोर परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त ने बिरहोर टोला के किनारे ट्रेंच निर्माण कराने का निर्देश दिया, ताकि हाथियों के प्रवेश को रोककर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा उन्होंने बिरहोर टोला स्थित विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया तथा पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को सभी बिरहोर परिवारों की स्वास्थ्य जांच खासकर एनीमिया एवं बीपी की जांच करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उप विकास आयुक्त ने बिरहोर परिवारों के बीच कंबल एवं कृषि कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्नत किस्म के बीजों का वितरण भी किया।
मौके पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य बिरहोर परिवारों को उनकी मूलभूत आवश्यकताओं के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। जिला प्रशासन बिरहोर परिवारों के समग्र विकास एवं जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।
अवसर पर उप विकास आयुक्त रिया सिंह के अलावा प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

