उरीमारी (हजारीबाग): भारत भारती विद्यालय उरीमारी में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य माहे आलम अंसारी ने की। अवसर पर अंसारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि योग एक वैज्ञानिक जीवन शैली है जिसका प्रभाव जीवन के हर पक्ष पर पड़ता है। स्वास्थ्य, रोग उपचार, कार्यक्षमता, तनाव प्रबंधन और मनोदैहिक रोगों में योग की भूमिका अहम है। वर्तमान समय में योग देश-दुनिया के करोड़ों लोगों के जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है।

वहीं खेलों के संदर्भ में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपनी कुशलता, क्षमता और एकाग्रता बढ़ाने के लिए योग का सहारा लेते हैं। योग से तनाव कम होता है और शारीरिक व मानसिक क्षमता बढ़ती है। शिक्षा के क्षेत्र में भी बच्चों के तनाव को योगाभ्यास से कम किया जा सकता है।

योग सत्र की शुरुआत सूर्य नमस्कार से हुई। इसके बाद अनुलोम-विलोम, कपालभाति, शीर्षासन, सर्वांगासन, धनुरासन, त्रिकोणासन आदि का अभ्यास कराया गया। बच्चों में योग दिवस को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा।

कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव गोपाल यादव, निदेशक अनिमेष कुमार यादव, सहायक निदेशक अभिषेक कुमार यादव, उप प्राचार्य अर्जुन कुमार साव मौजूद रहे। साथ ही शिक्षक सरिता गयासेन, रितु कुमारी, राधिका कुमारी, फुल मूनी मुर्मू, रंजीत मेहता, रंजीत कुमार, प्रियंका सिंह, शगुफ्ता सहित अन्य उपस्थित थे।

 

 

By Admin

error: Content is protected !!