लातेहार: बारियातु थाना क्षेत्र के एक क्रशर में आपराधिक घटना को अंजाम देने योजना बनाते राहुल सिंह गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में भोलानाथ गंझू (22 वर्ष) और विनोद कुमार गंझू (20 वर्ष), दोनों निवासी सिलदाग, थाना लावालौंग, जिला चतरा और फलींद्र गंझू (29 वर्ष) निवासी भंगिया, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार शामिल हैं। उनके पास से पुलिस ने एख देशी पिस्टल, 7.65 एमएम के 2 जिंदा कारतूस, चंदवा थाना कांड 27/2026 में लूटी गई होंडा साइन मोटरसाइकिल और दो स्मार्टफोन और भगिया पंचायत की मुखिया से रंगदारी मांगने में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन बरामद किया है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक लातेहार कुमार गौरव को को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बालुमाथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बानालात गांव स्थित डुगू इंडस्ट्रीज स्टोन क्रशर के पास से भोलानाथ गंझू उर्फ भोला कुमार, विनोद कुमार गंझू और फलीन्द्र गंझू को दबोच लिया। इनका आपराधिक इतिहास भी बताया जाता है। 

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बीते 8 जून को हजारीबाग जिला के पगार ओपी क्षेत्र में भी फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा लातेहार जिले में भी कई आपराधिक वारदातों में इनकी संलिप्तता रही है। पुलिस ने मामले में बारियातु थाना कांड संख्या 39/2026, दिनांक 21.01.2026, धारा 111(3)/111(4)/308(4)/308(5)/61(2) बीएनएस तथा 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

छापामारी दल में थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, पुअनि जितेन्द्र कुमार, अनुप कुमार, अमित कुमार रविदास, धीरज कुमार सिंह सहित बारियातु थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा के आरक्षी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!