एक की हालत नाजुक, सदर अस्पताल में भर्ती
भुरकुंडा (रामगढ़): भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत बनगड्डा में सोमवार को रामगढ़ -पतरातू फोरलेन सड़क पर तेज रफ्तार बाइक ने खड़ी कार में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर सवार एक अन्य युवक को भी हल्की चोटें आई है। जबकि तीसरा युवक सुरक्षित रहा। वहीं कार को भी काफी क्षति पहुंची है।

मिली जानकारी के अनुसार सेंट्रल सौंदा निवासी प्रकाश मुखर्जी परिवार समेत सफेद रंग की वैगनआर कार (JH 24 B 9202) पर रामगढ़ से वापस अपने घर लौट रहे थे। इस क्रम में वे बनगड्डा में सड़क पर गाड़ी खड़ी कर मकई खरीदने लगे। इस दौरान पीछे से आती तेज रफ्तार पैशन प्लस बाइक (JH 24 L 8794) ने पीछे से कार में जबरदस्त टक्कर मार दी।

बाइक पर महुआटोला के तीन युवक सवार थे। दुर्घटना में बाइक चला रहे जमीर अंसारी पिता वसीम अंसारी को सिर में गंभीर चोट लगी। जबकि अश्फाक अंसारी पिता निजाम अंसारी को भी हल्की चोटें आई हैं। वहीं बाइक पर सवार साहिल सुरक्षित बच गया। घायल जमीर अंसारी को आनन-फानन में एंबुलेंस पर सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं अश्फाक का इलाज स्थानीय निजी क्लीनिक में कराया गया।
वहीं दुर्घटना के बाद कार मालिक वाहन को भदानीनगर ओपी ले गये और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल से बाइक जब्त कर ओपी ले आई है। मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। खबर लिखे जाने तक घायल जमीर अंसारी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
| दुर्घटना पर बिफरे ओपी प्रभारी, दी सख्त चेतावनी
घटनास्थल पर पहुंचे ओपी प्रभारी अख्तर अली ने स्थानीय लोगों से दुर्घटना की पूरी जानकारी ली। हालांकि दुर्घटना के तुरंत बाद ही सड़क किनारे मकई बेचते ग्रामीण आनन-फानन में सामान उठाकर चलते बने। इधर, ओपी प्रभारी ने घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि दुर्घटना की संभावना को देखते हुए सड़क किनारे मकई बेचने के लिए बार-बार मना किया जाता है। बावजूद इसके लोग मान नहीं रहे हैं। वाहन चालक भी सड़क पर वाहन खड़ा कर खरीदारी करते दिखते हैं। ऐसा करने पर अब कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलानेवाले लोगों पर भी सख्ती बरती जाएगी। |


