रामगढ़: जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में मंगलवार को जंगली हाथियों के बड़े झुंड ने बड़ा उत्पात मचाया है। जंगली हाथियों के झुंड ने दो स्थानीय महिलाओं को रौंद दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। झुंड में तकरीबन 44 हाथी बताए जाते हैं। जिनमें 10 शावक है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को जंगली हाथियों का यह झुंड रजरप्पा क्षेत्र के बड़कीपोना गांव में प्रवेश कर गया। इस दौरान गांव में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों की छतों पर चढ़। इस दौरान खेत में काम कर रही धानो देवी (35 वर्ष) को हाथियों ने कुचल दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं झुंड ने आगे रजरप्पा कॉलोनी क्षेत्र में एक अन्य महिला सबीना खातून (60 वर्ष) को भी रौंद दिया।आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हाथियों का झुंड बड़कीपोना, लारी रोड होते हुए मायल की तरफ बढ़ गया है। घटना को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के इलाके में अलर्ट जारी किया है। आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के लिए पटाखे, मशाल ढोल-नगाड़े की व्यवस्था की गई है। लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की जा रही है।
