रामगढ़: शहर के सिद्दो-कान्हू मैदान से मंगलवार को श्री श्री रामनवमी पूजा महासमिति के द्वारा मंगला शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें भगवा ध्वजों के साथ बड़ी संख्या में रामभक्त शामिल हुए। जो पूरे रास्ते जय श्री राम और जय हनुमान का उद्घोष करते आगे बढ़ते रहे। मंगला शोभा यात्रा में शामिल युवाओं ने अस्त्र शस्त्र से एक से बढ़कर एक हैरतंगेज प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शोभा यात्रा चट्टी बाजार, थाना चौक, मेन रोड होते हुए सुभाष चौक पहुंचकर शांति पूर्वक संपन्न हो गई।
मंगला शोभा यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर रामभक्तों का अभिनंदन किया गया। वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह स्टॉल लगाकर रामभक्तों के बीच शरबत, पानी, चना, गुड़ आदि का वितरण किया। जिला पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये। पुलिस के जवान मुस्तैदी से विधि-व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर रहे।
मौके पर समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र साव भोपाली, राजेश ठाकुर, छोटू वर्मा, आशीष सिंह, अयोध्या वर्मा, रोहित सोनी, प्रवीण कुमार, विक्की कुशवाहा, जितेंद्र मंडल, पंकज दांगी, सिद्धार्थ मेहता, विशाल राणा, निलेश कुशवाहा, आकाश कुमार, सुमित कुमार, विक्की चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।