मांडर (रांची): कंदरी मोड़ स्थित अमेरिकन पब्लिक स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महान शिक्षाविद् और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को समर्पित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों ने भाषण, गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से गुरु-शिष्य के रिश्ते में निहित सम्मान और कृतज्ञता की भावना को बखूबी दर्शाया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी शिक्षकों और अतिथियों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर नौशाद आलम, जावेद अहमद, प्राचार्या प्रिया कुमारी और फरहाना जबीन सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या प्रिया कुमारी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता और उनका उज्जवल भविष्य ही शिक्षक की मेहनत की सबसे बड़ी पहचान है। वहीं डायरेक्टर नौशाद आलम और जावेद अहमद ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, अनुशासन में रहने और जीवन में अच्छे संस्कारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की बधाई दी।