चतरा: गिद्धौर के आमतारी स्थित मुर्गी फॉर्म से चोरी हुए 21 बोरा मुर्गीदाना तक पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तुड़ाग गांव में छापेमारी कर डाहुरा निवासी अरविंद कुमार यादव को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को अशोक दांगी के आमतारी स्थित मुर्गी फॉर्म से मुर्गीदाना चोरी हुआ था। जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली कि चोरी का मुर्गीदाना अरविंद यादव के पास रखा हुआ है। इसके बाद टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई।

बरामद मुर्गीदाना वियोटोनिक कंपनी का पवेनप्लस है। कुल 21 बोरे बरामद हुए हैं और प्रत्येक बोरे में 50 किलो मुर्गीदाना था। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल भी जब्त किया है। गिरफ्तार अरविंद कुमार यादव, पिता धर्मनाथ यादव, सदर थाना क्षेत्र के डाहुरा गांव का निवासी है।

चतरा एसडीपीओ सह प्रभारी सिमरिया एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है। चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

कार्रवाई में सदर अंचल पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र हांसदा, गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह, सहायक अवर निरीक्षक रंजय कुमार सिंह समेत जिला बल के जवान शामिल थे।