मतकमा चौक के निकट सांवरिया मॉल और ओम मेगा मार्ट को बनाया निशाना 

भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के मतकमा चौक के निकट बीती रात चोरों ने दो प्रतिष्ठानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने एक ही भवन में अवस्थित सांवरिया मॉल और ओम मेगा मार्ट दोनों जगहों से नकदी और सामान चोरी की है। सांवरिया मॉल से लगभग 15 हजार की नकदी और महंगे कपड़ों की चोरी हुई है। जबकि ओम मेगा मार्ट से तकरीबन 7 हजार रुपये और अन्य सामान की चोरी हुई है। 

जानकारी के अनुसार मॉल के पीछे की ओर से छत पर चढ़े। इसके बाद करकट शीट तोड़कर और लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश कर गए। अंदर घुसने के बाद सबसे पहले उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके साथ ही चोरी वारदात को अंजाम देकर चोर निकल गए। सुबह मॉल खुलने पर संचालकों चोरी की जानकारी मिली। मामले की सूचना पर पहुंची भुरकुंडा पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और छानबीन चल रही है।

सांवरिया मॉल के संचालक रंजीत गुप्ता ने बताया कि चोर काउंटर से तकरीबन 15-20 हजार रुपए और महंगे कपड़े चुरा ले गए हैं। लगभग एक लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। वहीं ओम मेगा मार्ट में तकरीबन सात हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी होने की जानकारी मिली है। 

इधर ओपी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में दहशत और भारी रोष देखने को मिल रहा है। दुकानदारों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। साथ ही चोर गिरोह की अविलंब गिरफ्तारी की मांग भी उठने लगी है। 

 

By Admin

error: Content is protected !!