तृणमूल युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस में की वापसी

रांची: कांग्रेस के ‘‘आ अब लौट चलें’’ अभियान के तहत झारखंड प्रदेश तृणमूल युवा कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी सिंकू ने अपने सैकड़ो साथियों के साथ रविवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस की अंग पट्टी और माला पहनकर सन्नी सिंकू और उनके साथियों को कांग्रेस के सदस्यता दिलाई।

अवसर पर राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के अभियान के तहत पिछले दिनों कई लोगों ने सदस्यता ग्रहण की और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। हमारा पूरा ध्यान ऐसे लोगों पर है जो पूर्व में कांग्रेस में थे या जिनके पूर्वज कांग्रेस विचारधारा से जुड़े रहे हैं और जो वर्तमान में किसी अन्य दल में है उन्हें वापस कांग्रेस में लाने का कार्य किया जा रहा है।  कहा कि सन्नी सिंकू के कांग्रेस में शामिल होने से कोल्हान क्षेत्र में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को काफी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है और यह चुनाव एक ऐसे समय में हो रहा है जहां से भारत के आगामी कई दशकों का भविष्य तय होगा।

सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात सन्नी सिंकू ने कहा कि कांग्रेस छोड़ना मेरी भूल थी और इसका एहसास मुझे पार्टी छोड़ने के बाद हो गया था परंतु आज मैंने अपनी भूल सुधार कर ली है। मेरी पूरी निष्ठा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के प्रति है।  मैंने राहुल गांधी की न्याय यात्रा से प्रभावित होकर सैकड़ो किलोमीटर की पदयात्रा की है। मैं अपने साथियों के साथ सिंहभूम की इंडिया गठबंधन की उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए कार्य करूंगा।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से महासचिव सह कार्यालय प्रभारी अमूल्य नीरज खालको, सोनाल शांति, कमल ठाकुर, गजेंद्र सिंह उपस्थित थे।
सन्नी सिंकु के साथ चाईबासा, चक्रधरपुर नगर, सदर बंदगांव, सोनुवा, गोईलकेरा, मनोहरपुर, नोवामुंडी मँझगांव, जगन्नाथपुर, टोटो, हाटगमहरिया, झींकपानी, मांझारी, तांतनगर कुमारडूंगी, गुदड़ी, आनंदपुर और खुंटपानी प्रखंड के 111 पदाधिकारियों ने कांग्रेस के सदस्यता ग्रहण की, जिसमें मुख्य रूप से राधामोहन बनर्जी, अमृत मांझी, संजू सिंहदेव, फिरोज अशरफ, नारायण सिंह पूरती, बसंत तांती, तस्लीम अंसारी, अरिल सिंकू एवं शंकर मिश्रा शामिल रहे।

By Admin

error: Content is protected !!