• हजारीबाग से लाकर रांची में करते थे बिक्री, पुलिस छानबीन में जुटी
रिपोर्ट- एस. अंसारी
रांची: कोतवाली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी अभियान चलाकर ब्राउन शुगर के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नागाबाबा खटाल के पास फ्लाईओवर के नीचे से स्थानीय रंजीत कुमार वर्मा और कृष्णा कुमार वर्मा को 8.4 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस की ओर से बताया गया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के बाद कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भाग रहे दोनों संदिग्धों को पीछा कर पकड़ लिया गया। रंजीत कुमार वर्मा के पास से 3.9 ग्राम ब्राउन शुगर मिला। जबकि कृष्णा कुमार वर्मा के पास से 4.5 ग्राम ब्राउन शुगर मिला। पुलिस ने दोनों के पास से एक रियलमी और एक ओप्पो कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे हजारीबाग से ब्राउन शुगर लाकर रांची के अलग-अलग इलाकों में बेचते थे। इसी बयान के आधार पर पुलिस अब पूरे सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अभियान में निकेतन कुमार, विकास कुमार सिंह, नरेंद्र बास्की और रितेश कुमार सहित थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
