एक बच्ची और खलासी गंभीर रूप से घायल
रामगढ़: थाना अंतर्गत कांकेबार फ्लाईओवर के निकट एनएच 33 पर गुरुवार को अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर तीन बच्चियों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य बच्ची और ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार रांची की ओर से आता चावल लदा ट्रक (UP 44 AT 2365) एनएच 33 कांकेबार फ्लाईओवर के निकट अनियंत्रित हो गया। इस दौरान ट्रक पूजा करने जाती चार स्थानीय बच्चियों को चपेट में लेते हुए पलट गया। एक बच्ची मनीषा (14वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि तीन बच्चियों ममता, गुंजन, नैना और घायल खलासी को सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया। जहां ममता और गुंजन ने दम तोड़ दिया। वहीं नैना और खलासी की स्थिति गंभीर बताई जाती है।
इधर, दुर्घटना के बाद एनएच-33 पर तकरीबन दो घंटे जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया। जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।