मोदी@20 पर जुबिली कॉलेज में हुआ सेमिनार

रामगढ़ : भुरकुंडा के रीवर साईड स्थिति जुबिली कॉलेज में बृहस्पतिवार को मोदी@ 20 पर विशेष सेमिनार का आयोजन शासी निकाय सचिव रणंजय कुमार की अध्यक्षता और प्रो.संजय सिंह के संचालन में हुई। सेमिनार में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी सहित राज्य 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और रामगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता भी शामिल हुए। कॉलेज के प्राचार्य प्रो.आरके दास ने बुके और शॉल देकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबूलाल मरांडी दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सेमिनार को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कर्मयोगी मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की ओर बढ़ रहा है।प्रधानमंत्री ने आज देश को विश्व के अग्रणी देशों के साथ खड़ा कर दिया है। भारत हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। आज प्रधानमंत्री ने सामाजिक विसंगतियों को दूर कर समग्र विकास का काम कर रहे हैं। सामरिक क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर हो रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और आज हमने ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ दिया है। हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। आतंकवाद पर भारत मजबूती से जवाब दे रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड काल में प्रधानमंत्री के काम को पूरी दुनिया ने देखा है। मेडिकल उपकरणों का निर्यात करने की बजाय आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ देश में ही इसका निर्माण शुरू किया गया। हमारे देश में बनी वैक्सीन दुनिया के किसी भी देश में बनी वैक्सीन से कमजोर नहीं है। साथ ही आज राम मंदिर निर्माण संभव हो सका है। विदेशी आक्रांताओं द्वारा तोड़ी गई धरोहरों को पुन: स्थापित किया जा रहा है। बाबूूूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व नैसर्गिक है, जिसका पूरा आंकलन कर पाना संभव नहीं है। वहीं सेमिनार में अन्य वक्ताओं ने भी प्रधानमंत्री के अबतक के कार्यों का उल्लेख किया। सेमिनार में कॉलेज के व्याख्याता, छात्र-छात्राओं सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Admin

error: Content is protected !!