रामगढ़ : जनजातीय मामलों के केंंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा रविवार को पतरातू पहुंचे। जहांप्रखंड कार्यालय परिसर स्थित वर्किंग हॉल में उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। उनके आगमन पर फूल मालाओं और बुके देकर जनप्रतिनिधियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों को कार्य योजना पर ध्यान देना चाहिए। अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले ऐसी योजनाओं का पहले चयन करे। प्रखंड और पंचायत में तालमेल रखे। सभी योजनाओं का सही रूप से क्रियान्वयन हो। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने क्षेत्र की कई समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए ज्ञापन भी सौंपा। मौके पर पूर्व बीडीओ देवदत्त पाठक, अंचलाधिकारी शिवशंकर पांडेय,  जिला पार्षद राजाराम प्रजापति, प्रखंड प्रमुख बबीता सिंह, उप प्रमुख कौशल्या देवी, पूर्व जिप सदस्य झरी मुंडा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

By Admin

error: Content is protected !!