रामगढ़ को डिजिटल हेल्थ में मॉडल जिला बनाने की दिशा में बड़ी पहल
रामगढ़: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत टाउन हॉल में सोमवार को मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ते हुए जिले में डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निदेशक डॉ. पंकज कुमार अरोड़ा, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार की विशेष सचिव डॉ नेहा अरोड़ा, निदेशक प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शशि प्रकाश सिंह, अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन शशि प्रकाश झा, राज्य अभियान निदेशक, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन दिनेश कुमार यादव, उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज, उप विकास आयुक्तआशीष अग्रवाल सहित जिले के स्वास्थ्य पदाधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के पूर्व एनएचए के सीईओ डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित ‘रन फॉर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन’ के तहत जागरूकता वाहन एवं जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। <उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ तभी व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचेगा, जब आम नागरिक भी इसके महत्व और उपयोगिता से परिचित होंगे। जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, आभा आईडी तथा उपलब्ध डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके उपरांत डॉ. बर्णवाल ने टाउन हॉल परिसर में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के क्षेत्र में कार्य कर रही विभिन्न सॉफ्टवेयर कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण किया तथा उनके द्वारा उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल स्वास्थ्य तकनीकों एवं समाधानों की जानकारी ली।
वहीं कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाना नहीं, बल्कि एक ऐसा एकीकृत डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें नागरिक को बेहतर, सुगम, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने रामगढ़ जिले में मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रामगढ़ के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है कि जिले में डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और अच्छे कार्यों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाते हुए देश के अन्य जिलों के लिए उदाहरण बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आभा के माध्यम से नागरिकों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने, स्वास्थ्य संस्थानों को डिजिटल माध्यम से जोड़ने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से डिजिटल माध्यमों को अपनी नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने की अपील की।
वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निदेशक डॉ. पंकज कुमार अरोड़ा ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के माध्यम से देश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक व्यापक डिजिटल परिवर्तन लाने का कार्य किया जा रहा है। मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव के लिए रामगढ़ का चयन जिले को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अवसर पर स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आमजनों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली को भी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सकता है।
