रामगढ़: बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत लबगा पंचायत के मुरकट्टी के निकट पतरातू डैम में रविवार को नहाने के दौरान एक युवक की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान शशि उरांव (23 वर्ष) पिता जगन्नाथ भगत के रूप में हुई है। वह लोहरदगा का रहनेवाला था और रांची में रहकर स्नातक की पढ़ाई कर रहा था।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शशि उरांव और अपने चार साथियों के साथ पतरातू डैम से सटे मुरकट्टी अपने एक अन्य दोस्त गौरव उरांव के पास आए थे। रांची से पहुंचे पांचों युवक पास ही हेसला पतरातू डैम (हेसला ) घूमने चले गए। जहां लेक में नहाने के क्रम में शशि उरांव गहरे पानी में डूब गया। इस दौरान उसके दोस्तों ने आनन-फानन में गौरव उरांव को फोन करके बुलाया। जिसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से गौरव ने शशि को पानी से बाहर निकाल सीपीआर दिया। इसके साथ ही बाइक पर शशि को सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसके मौत की पुष्टि कर दी।
वहीं मामले की सूचना पर भुरकुंडा पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर युवकों से घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली। घटना की जानकारी शशि के परिजनों को दे दी गई है।
