नई दिल्ली:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार की शाम नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में जापान में हुए 20वें एशियन गेम्स 2026 के भारतीय दल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी पदक विजेताओं को बधाई और भविष्य की शुभकामनाएं दीं। 

अवसर पर प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से महिला हॉकी टीम का जिक्र किया जिसने 44 साल के लंबे इंतजार के बाद स्वर्ण पदक जीता। पुरुष हॉकी टीम ने भी स्वर्ण जीता। क्रिकेट में पुरुष और महिला दोनों टीमों ने लगातार दूसरी बार स्वर्ण जीतकर रिकॉर्ड दोहराया। महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्रधानमंत्री को हस्ताक्षर की हुई जर्सी भेंट की।

इसी तरह कबड्डी में पुरुष और महिला दोनों टीमों ने स्वर्ण जीता। तीरंदाजी में भारत ने 5 स्वर्ण सहित ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। शूटिंग, बॉक्सिंग, कुश्ती, एथलेटिक्स, मैराथन, वेटलिफ्टिंग और गोल्फ में भी पदक आए। गोल्फर प्रणवी उर्स ने दो पदक जीते। प्रधानमंत्री ने बताया कि कुल 85 में से 38 पदक महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं, जिसमें 11 स्वर्ण शामिल हैं। खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को हॉकी स्टिक, जर्सी और तीर-धनुष भेंट किए।

पीएम ने कहा कि सरकार ने आधुनिक खेल प्रणाली के निर्माण के लिए भारी संसाधन लगाए हैं। खेलो इंडिया के विस्तार और खेल संघों को मजबूत करने के लिए 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है। एक हजार से अधिक खेलो इंडिया केंद्रों के जरिए जमीनी स्तर पर बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। देश भर में हजारों नए स्टेडियम, बहुउद्देशीय हॉल, एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल और हॉकी मैदान तथा स्विमिंग पूल बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को टॉप्स योजना के तहत 50 हजार रुपये मासिक भत्ता और अंतरराष्ट्रीय कोचिंग के लिए धनराशि दी जा रही है। यदि कोचिंग के लिए विदेश जाने की जरूरत है तो सरकार सुविधा और वित्तीय सहायता भी दे रही है। वहीं उन्होंने 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक, 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की भारत में मेजबानी और 2036 के ओलंपिक की आकांक्षा का जिक्र करते हुए “हम कर दिखाएंगे” का नारा भी लगाया। 

 

Image courtesy pm/social media