महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर रहेगा फोकस
नई दिल्ली: भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के राष्ट्रीय अभियान ‘नई चेतना 5.0’ का शुभारंभ 25 नवंबर को होगा। यह अभियान 23 दिसंबर तक चलेगा और देशभर में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चलाया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश विक्रम नाथ भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम दिल्ली के पूसा स्थित भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे आयोजित होगा।
इस बार अभियान का विषय है ‘पहुंच से अधिकारिता तक’ रखा गया है। इसके तहत महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में मान्यता देना, संपत्ति पर उनका अधिकार मजबूत करना, सुरक्षित आवागमन और घर के कामों में बराबरी की जिम्मेदारी पर जोर दिया जाएगा। मकसद सिर्फ जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि महिलाओं की आजीविका, बाजार, वित्तीय सेवाओं और सरकारी योजनाओं तक पहुंच को आसान बनाना है।
शुभारंभ कार्यक्रम में 15 मंत्रालयों और विभागों की संयुक्त अंतर-मंत्रालयी परामर्शिका जारी की जाएगी। इसके साथ ही हिंसा मुक्त ग्राम पहल पर चार पक्षों के बीच हुए समझौता ज्ञापन को भी पेश किया जाएगा। यह समझौता ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच हुआ है। इसके जरिए गांवों में हिंसा रोकने और पीड़ित महिलाओं को कानूनी मदद और न्याय दिलाने में समन्वय बढ़ाया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने में स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन, क्लस्टर स्तरीय संघ और जेंडर रिसोर्स सेंटर की अहम भूमिका होगी। कार्यक्रम में नए जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन भी किया जाएगा। साथ ही नई चेतना 4.0 की मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की जाएगी।

