बड़कागांव: झारखंड राज्य जनसेवक संघ के आवाह्न पर बड़कागांव सहित हजारीबाग जिला जनसेवक संघ के सभी सदस्य 9 मई से जिला मुख्यालय हजारीबाग में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल में बड़कागांव से जनसेवक रवि रंजन, भास्कर राज, पंकज गुप्ता एवं अरविंद कौशल ने अपना समर्थन दिया है। बड़कागांव प्रखंड मुख्यालय में जन सेवकों को हड़ताल पर चले जाने से कई काम बाधित हो रहे हैं, ग्रामीण अपने काम को लेकर ब्लॉक आ रहे हैं, लेकिन उन्हें वापस लौट कर जाना पड़ रहा है।
बड़कागांव जनसेवकों ने बताया कि जन सेवकों की नियुक्ति कृषि एवं गन्ना विकास विभाग झारखंड सरकार अंतर्गत 2012 में 2400 ग्रेड पे पर हुई थी, परंतु कृषि निदेशालय, झारखंड, रांची के आदेश ज्ञापांक 55 दिनांक 25/04/2023 द्वारा इनका ग्रेड पे घटा कर 2000 कर दिया गया है। नौकरी के 11 साल बाद जहां सभी जनसेवकों को एमएसीपी का लाभ दिया जाना था। वहां ग्रेड पे घटाना नियम के विरुद्ध है।
आगे बताया कि जनसेवक कृषि विभाग के कर्मी हैं, परंतु हम सभी विभिन्न प्रखंडों में कृषि कार्य के अतिरिक्त प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक, बीएलओ सुपरवाइजर आदि पर्यवेक्षकिय कार्य का संपादन भी करते आ रहे हैं।
इन पदों पर कार्य कर सरकार का खर्च कम करने पर प्रोत्साहन मिलने के स्थान पर ग्रेड पे घटाकर सरकार ने सभी जनसेवकों का मनोबल तोड़ने का काम किया है। इस विषय पर कृषि मंत्री से मिलकर सभी तथ्यों को रखने के बावजूद कोई सुनवाई न होने के कारण पूरे राज्य के सभी जनसेवक हड़ताल पर चले गए हैं।
जनसेवकों ने कहा कि जब तक ग्रेड पे घटाने संबंधी आदेश सरकार वापस नहीं लेती है, सभी जनसेवक किसी तरह का कोई सरकारी कार्य नहीं करेंगे और इससे जनता को होने वाली परेशानी की सारी जिम्मेवारी सरकार की होगी। संघ के द्वारा 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कृषि विभाग आदि को सौंप दिया गया है।