रामगढ़: जिला प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच सिद्धू-कान्हू मैदान में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही। बहाली के तीसरे दिन सोमवार को मांडू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया। सुबह 5 बजे से कागजातों के शुरुआती सत्यापन के बाद अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश कराया गया। सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद प्रथम बैच की दौड़ का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इसके उपरांत शारीरिक दक्षता जांच की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और हिंदी लेखन परीक्षा भी ली जाएगी।
बहाली को निष्पक्ष और पारदर्शी रखने के लिए मैदान में वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन और पुलिस बल के अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मैदान में पेयजल, बैठने के लिए शेड और आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम तैनात की गई है।
इससे पूर्व रविवार को दुलमी प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच और हिंदी लेखन परीक्षा हुई। परीक्षा के प्राप्तांक जारी कर दिए गए हैं। फिलहाल वेबसाइट पर प्राप्तांक अपलोड करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं कल यानी मंगलवार को मांडू प्रखंड के महिला अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता और हिंदी लेखन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

