रामगढ़: सावन की सातवीं सोमवारी पर बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने रामगढ़ के अति प्राचीन शिव मंदिर कैथा में रूद्राभिषेक किया। इस दौरान उनके पिता सह सूबे के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव भी शामिल रहे। इसके साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु ने रूद्राभिषेक कर मंगलकामना की।
विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक किया और राज्य वासियों के सुख समृद्धि और ख़ुशहाली के लिए भोलेनाथ से मंगल कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भगवान भोले शंकर के जयकारों और ओम नमः शिवाय के जप से गुंजायमान होता रहा।
विधायक ने इस अवसर पर कहा कि भगवान भोलेनाथ की असीम अनुकंपा से श्रावण के पवित्र मास में देवों के देव महादेव के अति प्राचीन शिवालयों में में रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन कराया जा रहा है, इसी कड़ी में अति प्राचीन रामगढ़ के कैथा में स्थित शिव मंदिर में रुद्राभिषेक किया गया। भगवान भोले की कृपा सब पर बनी रहे और सभी का कल्याण हो यही कामना है।