रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र के कोल कंपनी के निकट सीसीएल की बंद पोखरिया खदान से रविवार की सुबह स्थानीय युवक का शव बरामद हुआ है। युवक शनिवार की दोपहर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। इधर, रविवार की सुबह पोखरिया खदान से युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।

मृतक की फाइल फोटो

मिली जानकारी के अनुसार भुरकुंडा ओपी क्षेत्र पटेलनगर स्थित करमाली टोला निवासी सुजल कुमार (24वर्ष) पिता जगदेव करमाली शनिवार को बाइक पर निकला और वापस नहीं लौटा। देर शाम परिजनों ने खोजबीन करते हुए भुरकुंडा पुलिस को युवक के लापता होने की जानकारी दी। छानबीन में पता चला कि सुजल ने अंतिम बार अपने दोस्त से बात करते हुए तेतरिया (लादी) पोखरिया खदान पर होने की बात कही थी। इस जानकारी पर पोखरिया खदान के आसपास खोजबीन शुरू हुई।

जहां युवक का होंडा साइन बाइक (JH 02 AM 7326) सहित हेलमेट, मोबाइल और चप्पल बरामद हुआ। शनिवार की रात लगभग 10 बजे तक खोजबीन की गई, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। रविवार की सुबह लगभग 05:00 बजे भदानीनगर पुलिस की मौजूदगी में खदान के पानी में तलाश शुरू हुई। इस क्रम में तकरीबन एक घंटे के बाद युवक का शव बरामद हो गया।

भदानीनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि युवक रामगढ़ में दुपहिया वाहन के शोरूम में काम करता था। मृतक नशे का आदि बताया जाता है। युवक ने आत्महत्या की है या फिर नशे की हालत में हादसे का शिकार हो गया है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा।

By Admin

error: Content is protected !!