• अज्ञात हाइवा ने रौंदा, चपेट में आकर एक अन्य बाइक सवार भी घायल

हजारीबाग: कटकमदाग प्रखंड के फतहा चौक के निकट सोमवार की शाम हाइवा ने दो बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में एक बाइक पर सवार युवक और युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य बाइक पर सवार युवक घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए रिम्स भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार हाइवा ने एक बाइक पर सवार युवक युवती को चपेट में लेकर बुरी तरह से कुचल दिया। वहीं एक अन्य बाइक पर सवार युवक भी हाइवा की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन समेत भाग निकला। 

मृतक युवती की पहचान चरही प्रखंड के कसियाडीह निवासी शीला अंजली हेंब्रम (28 वर्ष) और मृतक युवक की पहचान हजारीबाग सदर प्रखंड के डहवा निवासी राजकुमार मुर्मू (28 वर्ष) के रूप में हुई। जबकि घायल युवक बड़कागांव प्रखंड के पकरीबरवाडीह का रहनेवाला बताया जाता है।

हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। दुर्घटना की जानकारी पर पहुंची कटकमसांडी पुलिस ने मामला शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर हजारीबाग ले गई। पुलिस दुर्घटना और वाहन के संबंध में छानबीन कर रही है। 

By Admin

error: Content is protected !!