रामगढ़: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय रामगढ़ के तत्वावधान में शुक्रवार को दुलमी प्रखंड के सीरु पंचायत सचिवालय के प्रांगण में विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर लगाया गया। शिविर में बतौर मुख्य अतिथि प्राधिकार के सचिव दिलीप राजेश्वर तिर्की शामिल रहे। शिविर में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के बहुत से निर्धन, लाचार, अनपढ़ व जरूरतमंद व्यक्ति रोजी-रोटी कमाने में इतने व्यस्त रहते हैं की उन्हें पता ही नहीं है कि देश का संविधान और कानून क्या है। यदि कभी वे कानून के दायरे में आ गए तो उससे बाहर कैसे निकलेंगे।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों के पास न्यायालय जाकर मुकदमा लड़ने के लिए धन नहीं है, उनसे बगैर धन लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार कानूनी सहायता मुहैय्या कराता है। कानूनी सहायता उपलब्ध कराना विधिक समता का आवश्यक तत्त्व है। क्योंकि गरीबी के कारण यदि कोई व्यक्ति न्याय न प्राप्त कर पाये तो विधिक समता का कोई मतलब नहीं है। इसी उद्देश्य से विधिक सेवा प्राधिकरण का गठन किया गया है, जो जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता उपलब्ध कराता है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जब भी उनके समक्ष विधि से सम्बंधित कोई समस्या आये तो प्राधिकार का दरवाजा एक बार जरूर खटखटाएं।
अवसर पर शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसम्पतियों का वितरण किया गया। साथ ही पैनल अधिवक्ता शिवनाथ ठाकुर ने लोगों को लोक अदालत, मध्यस्थता आदि की जानकारी भी दी। वहीं जागरूकता हेतु लोगों के बीच विधिक सेवा से सम्बंधित पम्पलेट्स और पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया।
मौके पर पीएलवी अनूप कुमार, विमला कुमारी, दुलमी बीडीओ सुनील कुमार प्रजापति, दुलमी सीओ मदन महली सहित कई पदाधिकारी और पंचायत जनप्रतिनिधि मौजूद थे।