रांची: चुटुपालू और चरही घाटी में दुर्घटनाओं का खतरा कम करने के लिए केंद्र सरकार ने 239.40 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने एक्स अकाउंट पर यह जानकारी साझा की। परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (नया एनएच-20) के दोनों घाटी क्षेत्रों में कुल 5.99 किलोमीटर सड़क का सुधार किया जाएगा और जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
संजय सेठ के अनुसार, इन दोनों घाटियों में लगातार सड़क दुर्घटनाओं की समस्या को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। अब परियोजना को मंजूरी मिलने से दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सुधार कार्य का रास्ता साफ हुआ है। इसका उद्देश्य दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और इन मार्गों से गुजरने वाले यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना है।
केंद्रीय मंत्री ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में सड़क ढांचे के विकास के साथ सड़क सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परियोजना के कार्य शुरू होने और पूरा होने की समयसीमा की जानकारी साझा नहीं की गई है।

