रांची: बीआईटी मेसरा ओपी अंतर्गत रांची-हजारीबाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर टीसीआई गेट के निकट गुरुवार को सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। मृतका की पहचान होम्बई निवासी लीला देवी (27 वर्ष) पति स्व. धीरज करमाली के रूप में हुई है। वह गौतम सिटी के एक घर में घरेलू काम करती थीं। 

मिली जानकारी के अनुसार लीला देवी काम खत्म कर शाम तकरीबन 06 बजे अपने घर लौट रही थीं। इस क्रम में गेतलातू टीसीआई गेट के निकट अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिय। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन चालक भाग निकला। 

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने शव उठाने से पुलिस को रोका और सड़क पर आवागमन ठप कर दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर बीआईटी मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया।

इधर, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और फरार वाहन की पहचान करने में जुटी है। मृतका के पति का लगभग पांच साल पहले निधन हो गया था। मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गई है।