धनबाद (रांची): मेमको मोड़ स्थित होटल द रीट में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में आजसू पार्टी ने संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर रणनीति बनाई। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, सदस्यता अभियान बढ़ाने और युवा इकाई को सक्रिय बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के सभी प्रखंडों में जल्द सम्मेलन आयोजित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान लोयाबाद (बांसजोड़ा) प्रकरण में आंदोलन के बाद जेल गए आजसू कार्यकर्ताओं और नेत्री रजनी रवानी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सुदेश महतो ने कहा कि माफिया तत्वों के खिलाफ पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने झारखंड की जमीन, खनिज संपदा और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत बताई।
बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव संतोष महतो, काशीनाथ सिंह, राधेश्याम गोस्वामी, केंद्रीय सचिव प्रमोद चौरसिया और विनय सिंह मौजूद रहे। धनबाद जिला अध्यक्ष मंटू महतो, कार्यकारी अध्यक्ष हालधर महतो सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी संगठन की गतिविधियों और जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी।

