रामगढ़: भुरकुंडा ओपी अंतर्गत मेन रोड स्थित काली मंदिर के निकट एक तेज रफ्तार कार ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर तकरीबन 12:00 बजे जयप्रकाशनगर निवासी शशि दूबे (58वर्ष) पिता स्व. रामाधार दूबे अपने आवास से निकल कर मेन रोड की ओर आ रहे थे। इस क्रम में सौंदा ‘डी’ से भुरकुंडा की ओर आती तेज रफ्तार सफेद रंग की ह्युंडई वेन्यू कार ( JH 01EE 1394) ने शशि दुबे को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे शशि दुबे घायल होकर सड़क पर गिर गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग जमा हो गए और आननफानन में घायल को उसी कार पर सीसीएल हॉस्पिटल भुरकुंडा ले जाया गया। हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। उन्हें एंबुलेंस पर रामगढ़ ले जाया गया है।
बताया जाता है कि शशि दुबे को काफी अंदरूनी चोटें आई है। जबकि कान और नाक से रक्तस्राव भी हुआ है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार काफी रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े शशि दूबे को टक्कर मार दी। कार रामगढ़ की बताई जाती है। घटना की जानकारी भुरकुंडा पुलिस को दे दी गई।