गोबर गैस संयंत्र, लाह उत्पादन, मुर्गी पालन सहित अन्य परियोजनाओं का किया निरीक्षण

रामगढ़: उपायुक्त फैज एक अहमद मुमताज ने शनिवार को गोला प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संग्रामपुर पंचायत के सरलाकला गांव के बेदिया जारा टोला में गोबर गैस, लाह खेती, मुर्गी पालन सहित अन्य परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने लाभुकों से घरों में जाकर गोबर गैस से हो रहे लाभ का जायजा। इस दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उन्हें मिल रहे लाभ आदि की जानकारी ली। इस दौरान उपायुक्त में प्रखंड विकास पदाधिकारी गोला डॉ. सुधा वर्मा को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बताया गया कि यह गांव कुल 45 घरों का है, जिनमें से 35 घरों में गोबर गैस प्लांट का निर्माण सिद्धा संस्था द्वारा एक निजी फाउंडेशन के सहयोग से कराया गया है। वहीं शेष 3 घरों में उन्नत चूल्हे उपलब्ध कराए गए हैं। यह टोला तायमा जलच्छादन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पूरे जलच्छादन क्षेत्र में संस्था द्वारा कुल 150 घरों में गोबर गैस प्लांट और 175 घरों में उन्नत चूल्हे लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 150 घरों में पोषण वाटिका हेतु सब्जी बीज वितरित किए गए, जिससे परिवारों की सब्जी खपत बढ़ी और महिलाओं एवं किशोरियों में पोषण संबंधी समस्याओं में कमी आई है।

वहीं निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त को जानकारी दी गई की आजीविका को बढ़ावा देने के लिए संस्था ने 60 परिवारों को लाह की खेती हेतु कुसुम पेड़ों पर लाह का बीज उपलब्ध कराया है। लाह की खेती से ग्रामीणों को 20 से 35 हजार रुपये तक की आमदनी हो रही है। इसी तरह 150 परिवारों को कड़कनाथ मुर्गे एवं मुर्गियां वितरित की गईं, जिससे ग्रामीण अंडा उत्पादन कर स्वयं उपयोग करने के साथ-साथ अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान गांव का और तीव्र गति से विकास करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने डीएमएफटी सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से विभिन्न विकास कार्य किए जाने को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उपायुक्त के दौरे के क्रम में गोला प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सुधा वर्मा, संग्रामपुर पंचायत के मुखिया सीताराम मुंडा तथा संस्था की ओर से सूरज पासवान और संधीत कुमार भी मौजूद रहे।

By Admin

error: Content is protected !!