पतरातू (रामगढ़): छापर रेलवे हॉल्ट के निकट बुधवार को ड्यूटी के दौरान पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर एक रेल कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक मूलचंद कुमार सिंह (33 वर्ष) पिता भूखन सिंह पतरातू थाना अंतर्गत किरीगढ़ा के रहनेवाले थे और ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत थे।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय सिंह के अनुसार मूलचंद कुमार सिंह बुधवार को छापर रेलवे हॉल्ट के निकट पोल संख्या 132/28-30 के बीच डाउन लाइन पर कार्य कर रहे थे। इस दौरान सुबह तकरीबन 10:40 बजे बरवाडीह से गोमो जा रही पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी संख्या 53348) ने उन्हें चपेट में ले लिया। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना पर पतरातू रेल प्रशासन सहित बुढ़मू थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। इधर, हादसे से मृतक के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। रेल कर्मियों और किरीगढ़ा के लोगों में शोक की लहर है।

