रांची: हजारीबाग पुलिस की टीम ने शनिवार को चतरा जिला में कुख्यात अपराधी उत्तम यादव को मार गिराया है। मिली जानकारी के अनुसार हजारीबाग पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेटिंग टीम उत्तम यादव को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही थी। इस दरम्यान उत्तम यादव चतरा जिला में प्रवेश कर गया। सिमरिया थाना क्षेत्र के जबरा में पीछा करती पुलिस पर उत्तम यादव ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। मुठभेड़ में उत्तम यादव के गोली लगी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस शव कब्जे में लेकर सदर अस्पताल चतरा ले गई।
उत्तम यादव आपराधिक गिरोह टाइगर ग्रुप का सरगना बताया जाता है। बीते 22 जून को हजारीबाग के श्री ज्वेलर्स दुकान के सामने रंगदारी के लिए हुई फायरिंग की जिम्मेवारी ली थी। वहीं सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए एक वीडियो साझा कर उसने हजारीबाग और चतरा के कारोबारियों को रंगदारी के लिए धमकी भी दिया था। जिसके बाद से पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई थी। इस बीच उसके कई गुर्गों को गिरफ्तार भी किया था। उत्तम यादव पर झारखंड और बिहार में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बिहार पुलिस ने उसपर 50 हजार का इनाम भी रखा था।