घटनास्थल से तीन जिंदा गोली और एक खोखा बरामद 

रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सयाल जमुरिया बाजार में अज्ञात अपराधियों ने शनिवार की शाम सीसीएल कर्मी बिहारी राम को गोली मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर अपराधी भाग निकले। घायल को भुरकुंडा अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीसीएल अस्पताल गांधीनगर, रांची रेफर कर दिया गया। 

मिली जानकारी के अनुसार सयाल पीपल सेंटर निवासी बिहारी राम (52 वर्ष) शनिवार की शाम जमुरिया बाजार आए हुए थे। शाम तकरीबन 07:15 बजे बैंक ऑफ इंडिया के ठीक सामने अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली बिहारी राम के पीठ में लगी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर अपराधी भाग निकले। इस दौरान बाजार में भगदड़ और अफरातफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने घायल को एंबुलेंस पर सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया।बताया जाता है कि बिहारी राम सीसीएल में सुरक्षा कर्मी है और बरकाकाना में पदस्थापित हैं।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जांच-पड़ताल जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए सीमावर्ती क्षेत्र में सड़क पर चेकिंग शुरू कर दी। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार और उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से तीन गोली, एक खोखा और बिहारी राम का हवाई चप्पल बरामद किया है। खबर लिखे जाने तक आसपास के दुकानों के सीसीटीवी की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बैंक के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा सकते हैं।

एक सप्ताह में दूसरी आपराधिक घटना, पुलिस की चुनौती बढ़ी

घटना के बाद से क्षेत्र के लोग काफी दहशत में हैं। बीते बुधवार को पतरातू थाना अंतर्गत सरैया टोला में दो मकान पर गोलीबारी और शनिवार को सयाल में सीसीएल कर्मी को गोली मारने की घटना से स्थानीय लोग हतप्रभ हैं। कोयलांचल अशांत होता प्रतीत हो रहा है और सुरक्षा व्यवस्था सवालों में घिरती दिख रही है। 

By Admin

error: Content is protected !!