शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में रामनवमी मनाने का निर्णय
चतरा: शहर के माधव मंदिर गौरक्षणी परिसर में रविवार को रामनवमी पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर रामनवमी महासमिति की बैठक हुई। जिसमें सर्वसम्मति से कन्हाई पांडेय को अध्यक्ष और पप्पु कुमार यादव को महासचिव चुना गया। बताया गया कि सोमवार को महासमिति का विस्तार किया जाएगा।
वहीं बैठक में रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। नवचयनित अध्यक्ष और महासचिव का माला पहनाकर स्वागत किया गया। नवचयनित पदाधिकारियों ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी रामनवमी धूमधाम से मनाई जाएगी। विभिन्न क्लबों द्वारा आकर्षक और भव्य झांकी निकाली जाएगी तथा पूरे शहर को भगवामय बनाया जाएगा.। साथ ही नशामुक्त रामनवमी मनाने पर भी जोर दिया गया। बताया कि जुलूस और झांकी के दौरान शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ पेयजल, लाइट, मंच समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में हिमांशु उर्फ हनी, देवनंदन सोनी, शशिकांत सहाय, मुन यादव, पिंटू सिंह, अजय कसेरा, शैलेश शेखर, कृष्णा साव समेत विभिन्न क्लबों के अध्यक्ष और सचिव उपस्थित थे।
