किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री
रामगढ़: शहर के सिद्दो-कान्हू मैदान में सोमवार को जिला स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार की मंत्री कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग शिल्पी नेहा तिर्की और विशिष्ट अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी उपस्थित रहीं। किसान मेला सह प्रदर्शनी की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। अवसर पर विभिन्न विभागों के स्टॉल सजाए गए। जहां किसानों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट फसल और उत्पादों के लिए प्रगतिशील किसानों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। मेले में जिला के तकरीबन 1000 किसानों ने भाग लिया।

अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कृषि विभाग द्वारा 80 से अधिक जन-कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक किसान जागरूक होकर इन योजनाओं का लाभ उठाएं।
वहीं रामगढ़ विधायक ममता देवी ने क्षेत्र की कृषि समस्याओं की ओर मंत्री महोदय का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने विशेष रूप से गोला प्रखंड के ‘हाट’ की समस्या और नगर क्षेत्र के किसानों को योजनाओं का लाभ मिलने में आ रही कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया।
मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद उपाध्यक्ष, उप विकास आयुक्त रामगढ़, नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि, 20 सूत्री समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित जिला कृषि पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक (आत्मा), प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बीटीएम, एटीएम, जनसेवक शामिल हुए।
