रांची: झारखंड विधानसभा परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में रविवार को विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह में मझगांव से विधायक निरल पूर्ति को वर्ष 2026 के लिए भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया। राज्यपाल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल, स्मृति चिह्न, चांदी की ढाल और इक्यावन हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की। अवसर पर विधानसभा के छह उत्कृष्ट कर्मियों को भी स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हाल के दिनों में झारखंड के राजनीतिक जगत से जुड़े कई लोगों के निधन और शोक की स्थिति को देखते हुए इस बार समारोह में कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं हुआ।
विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए राज्यवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर 2000 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर झारखंड अलग राज्य बना, जिसके पीछे लंबे संघर्ष, पूर्वजों की शहादत और बलिदान की कहानी है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के त्याग का भी इसमें बड़ा योगदान रहा। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष सभी बराबर होते हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विधानसभा हमारे राज्य के लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है। लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर का सम्मान करते हुए हर एक निर्णय में हम सबका प्रयास होना चाहिए कि वह निर्णय इस राज्य की जनता के हित में, इस राज्य के जनमानस के हित में हो। उनके लिए नीतियां बनें, जिसके लिए हम सभी लोग यहां चुनकर आते हैं। यह कार्य भी सभी लोगों का है। राज्य को दिशा देने का काम हम सभी मिलकर करते हैं।
वहीं सम्मान मिलने पर विधायक निरल पूर्ति ने मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, सभी विधायकों और झारखंड की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्री, वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक सहित कई गणमान्य शामिल रहे।

