बैठक कर जन-कल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की

रामगढ़:  झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने सोमवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस क्रम में समिति ने परिसदन रामगढ़ में बैठक कर जिले में संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने की। वहीं समिति के सदस्य मंगल कालिंदी और रोशन लाल चौधरी बैठक में शामिल रहे। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों ने समिति के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।

​बैठक के दौरान समिति ने जिले की बुनियादी समस्याओं और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं पर बिंदुवार चर्चा की। ग्रामीण एवं शहरी जलापूर्ति योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। समिति ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यक्षमता और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाने के लक्ष्य पर कड़ा निर्देश दिया। साथ ही कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन प्रमंडल, विद्युत, राजस्व, पथ निर्माण, खेल, पशुपालन और आपूर्ति विभाग की योजनाओं की बारीकी से जांच की गई। इस क्रम में भवन निर्माण निगम और लघु सिंचाई विभाग द्वारा संचालित विकास कार्यों की भौतिक प्रगति की भी जानकारी ली गई।

​अवसर पर समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तभी पहुँचेगा जब उनका व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं में पारदर्शिता बरतने और तय समय सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी।

By Admin

error: Content is protected !!