मजदूर विरोधी है केंद्र सरकार, शोषण बढ़ा : गिरिनाथ सिंह

रामगढ़: भुरकुंडा कोयलांचल के रिवर साइड स्थित ऑफिसर्स क्लब में सोमवार को कोलफील्ड मजदूर यूनियन की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता वीर बसावन बाबू स्मृति सभा के अध्यक्ष सह हिंद मजदूर सभा (बिहार) के नेता नागेश्वर सिंह और संचालन कोलफील्ड मजदूर यूनियन के केंद्रीय सचिव उदय सिंह ने किया। बैठक में यूनियन के अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह, यूनियन के सहायक महामंत्री सह गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र पांडेय, एकीकृत बिहार के मंत्री डॉ. सुरेश पासवान, यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत पांडेय, सहायक महामंत्री चंद्रेश्वर सिंह, केंद्रीय सचिव भीम सिंह यादव, सीसीएल वेलफेयर बोर्ड सदस्य विनय सिंह मानकी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

बैठक से पूर्व ऑफिसर्स क्लब के निकट भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत ऑफिसर्स क्लब में यूनियन के संस्थापक वीर बसावन सिंह की 117वीं जयंती मनाई गई। वहीं शहीद दिवस पर स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की पुण्यतिथि मनाई गई। बैठक की शुरुआत यूनियन के नेताओं ने बसावन सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। इसके साथ ही अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में आगे वक्ताओं ने संस्थापक बसावन सिंह की जीवनी और श्रमिकों के लिए उनके संघर्ष को साझा किया। इसके साथ ही संगठनात्मक मुद्दों पर अपने-अपने विचार रखे।

अपने संबोधन में यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह ने स्व. बसावन बाबू और उनकी धर्मपत्नी स्व. कमला देवी को याद करते हुए मजदूर हित में उनके द्वारा किए गए प्रयासों को साझा किया। वहीं वर्तमान समय में मजदूरों की स्थिति पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां पूरी तरह से मजदूर विरोधी हैं। आज मजदूरों का शोषण बढ़ता जा रहा है और केंद्र सरकार को इसकी बिल्कुल भी चिंता नहीं है। ऐसी परिस्थितियों में बसावन बाबू जैसे नेताओं की कमी जरूर खलती है। आगे उन्होंने कहा कि विश्व के कई देशों के बीच युद्ध चल रहा है। जिसका असर आने वाले दिनों में भारत पर भी पड़नेवाला है, लेकिन सरकार इसकी जरा भी सुध नहीं ले रही है। नौकरशाही चरम पर है और अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। आम लोगों की सुध लेनेवाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि आज मजदूरों के अधिकारों के लिए संकल्पित होकर आगे बढ़ने की जरूरत है। 

वहीं पूर्व सांसद सह यूनियन के सहायक महामंत्री रविंद्र पांडेय ने कहा कि जयंती और पुण्यतिथि वैसे लोगों की मनाई जाती है, जो देश और समाज के लिए कुछ बड़ा कर गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि यह बड़ा संयोग है कि तीन महान विभूतियों शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस के साथ हम सभी वीर बसावन बाबू की जयंती मना रहे हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही मजदूरों और समाज का कल्याण किया जा सकता है। 

बैठक का समापन सीसीएल सेफ्टी बोर्ड सदस्य खुशीलाल महतो ने धन्यवाद ज्ञापन कर किया। मौके पर अनिल कुवर, रामू गोप, करूण सिंह, वाहिद अंसारी, बालदेव यादव, संतोष गुप्ता, रामाकांत दूबे, पप्पू सिंह, संजय यादव, सुदामा पाणिग्रही, मनोज कुमार, बैजनाथ केवट, सुधीर सिंह, मनोज सिंह, राजाराम बेदिया, विनोद साहू, मोहम्मद हसन, अशोक सिंह, सुरेंद्र ठाकुर, मनजीत रंजन, प्रेमदास एक्का, सनोज हरिजन, दयानंद केसरी, मनोज राम, रामदेव महतो, रामानुज प्रसाद, रविंद्र साहू, आशीष साहू, बेलो शर्मा, मुन्ना यादव, जुगल नायक, मोहम्मद हकीम, मोहम्मद हकीक, मोहम्मद सुल्तान, अनवर हुसैन, राजेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!