रामगढ़: लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व चैती छठ के तीसरे दिन मंगलवार को छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। अवसर पर भुरकुंडा के नलकारी नदी घाट पर छठ व्रतियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। नदी में छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और मंगलकामना की। इस दौरान छठ मईया के भक्तिगीतों से क्षेत्र गूंजायमान रहा।

इससे पूर्व दोपहर लगभग तीन बजे के बाद से छठ व्रतियों के नदी घाट पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कुछेक छठव्रति दंडवत करते हुए भी घाट पहुंचे। अवसर पर छठ मंदिर के निकट भुरकुंडा पुलिस के सौजन्य से छठ व्रतियों के बीच फल का वितरण किया गया। इसके साथ ही भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस के जवान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहे।
वहीं छठ पूजा को लेकर सीसीएल बरका-सयाल महाप्रबंधक अजय कुमार छठ मंदिर पहुंचे। पूजा समिति के सदस्यों के साथ उन्होंने छठ घाट का अवलोकन कर व्यवस्था का जायजा भी लिया। महापर्व को लेकर छठ मंदिर पूजा समिति के सदस्य व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर तत्परता से जुटे रहे। समिति द्वारा छठ मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है और घाट के रास्ते पर लाइट की व्यवस्था भी की गई है।

मौके पर छठ पूजा समिति अध्यक्ष संजीत राम, अशोक तिवारी, संजय वर्मा, संजय मिश्रा, पिंटू सागर, गोपाल करमाली, आजाद भुइयां, राजेंद्र करमाली, अशोक गुप्ता, रामाकांत दूबे, पप्पू सिंह, बद्री रजवार सहित अन्य उपस्थित थे।
