रामगढ़: मुख्यमंत्री उत्कृष्ट गांधी मेमोरियल प्लस टू उच्च विद्यालय के सभागार में झारखण्ड शिक्षा परियोजना अंतर्गत जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन और एपीओ कुमार राज शामिल हुए। दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान एवं नवाचार के अंतर्गत कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस दौरान सभी प्रखंड से विद्यार्थियों के द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी में कई अलग- अलग विज्ञान के मॉडलों का प्रदर्शनी किया। वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने कहा कि सरकार के द्वारा राष्ट्रीय अविष्कार अभियान एवं नवाचार के अंतर्गत विद्यार्थियों में बुनियादी शिक्षा से जोड़कर आगे बढ़ने का एक प्लेटफार्म बनाया गया है। जिससे बच्चे मॉडल बनाकर अपने जीवन मेआगे बढ़ते हुए विज्ञान के क्षेत्र कई नए प्रयोग करेंगे।
विज्ञान प्रदर्शनी में वर्ग 6 से 8 में उत्क्रमित मध्य विद्यालय चामरोम, दुलमी के सैयद अंसारी ने प्रथम स्थान, उत्क्रमित उच्च विद्यालय लपंगा से ऋषि कुमार कुशवाहा ने दूसरा स्थान और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय रामगढ़ से रिया कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं वर्ग नौवीं से बारहवीं में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट गांधी मेमोरियल प्लस 2 उच्च विद्यालय रामगढ़ से प्रभु कुमार की टीम ने प्रथम स्थान, उच्च विद्यालय भुरकुंडा के करण कुमार की टीम ने दूसरा स्थान और आरबी प्लस 2 उच्च विद्यालय सांडी से आंचल की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं क्विज़ प्रतियोगिता में वर्ग छह से आठवीं में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट गांधी मेमोरियल प्लस टू उच्च विद्यालय रामगढ़ से लक्ष्यवीर कुमार ने प्रथम स्थान, उत्क्रमित उच्च विद्यालय चोकद गोला से निशांत कुमार रजक ने दूसरा स्थान और उत्क्रमित हाई स्कूल कूल्ही से बेबी कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वर्ग नौवीं से बारहवीं में एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय मांडू से सामिया नाज़ ने उत्क्रमित हाई स्कूल होन्हे दुलमी से मोनिका कुमारी ये दोनों प्रथम स्थान,एस.एस.प्लस टू उच्च विद्यालय पतरातु से अदिति कुमारी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
