रामगढ़: पीवीयूएनएल पतरातू के सभागार में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135 वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सीईओ एके सहगल विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष झारखंड आदिम जनजाति विकास समिति मनोज अगरिया, स्वर्णरेखा महिला समिति अध्यक्ष रेणुका सहगल के द्वारा संयुक्त रूप से बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम में कस्तूरबा विद्यालय पतरातु के 35 छात्राओं ने भी भाग लिया। अवसर पर विद्यार्थियों के लिए डॉ. अंबेडकर की जीवनी से संबंधित प्रश्नों पर क्विज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में क्विज के विजेता को मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही सभी 35 छात्राओं को स्कूल बैग और स्टडी किट प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एके सहगल ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के आदर्श और उनके विचार हमेशा प्रासंगिक रहेंगे। उन्होंने समाज के हर व्यक्ति को समानता का अधिकार दिया और सम्मान के साथ जीवन जीने का मार्ग प्रशस्त किया। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही देश और समाज का कल्याण संभव है।
कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक विवेकानंद, उप महाप्रबंधक अनमोल खलखो, राजेश डूंगडूंग समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और स्वर्णरेखा महिला समिति की सदस्य शामिल रहीं।
