मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत हुआ कार्यक्रम

रामगढ़: समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को जिला स्तरीय प्रशस्ति पत्र वितरण सह सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रामगढ़ जिले को प्राप्त 7 पुरस्कारों के आलोक में यह कार्यक्रम  आयोजित किया गया। अवसर पर विधायक रामगढ़ ममता देवी, विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, विधायक मांडू निर्मल महतो, उपायुक्त रामगढ़  ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष रीता देवी, सांसद प्रतिनिधि हजारीबाग राजीव जायसवाल सहित जिला परिषद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, प्रखंड प्रमुख, जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों का पौधा देकर स्वागत किया गया जिसके उपरांत संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत विधायक रामगढ़ ममता देवी ने सर्वप्रथम सभी को राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी एवं कहा कि इसी संकल्प के साथ हमें आगे बढ़ाना है। साथ ही उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट किया।

इस दौरान बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्व में रामगढ़ जिला पूरे देश में अपनी पहचान बन चुका है। इसी तरह हमें निरंतर मेहनत कर रामगढ़ जिले को पुण: पूरे देश में अग्रणी बनाना है। वहीं विधायक मांडू निर्मल महतो ने उपायुक्त सहित पूरे जिला प्रशासन की टीम की सराहना करते हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी साथ ही उन्होंने विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना राज्य सरकार की एक बहुत ही महत्वपूर्ण पहल है। जिस प्रकार इस वर्ष रामगढ़ जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है उसी प्रकार हमारा लक्ष्य होगा कि अगले वर्ष रामगढ़ जिला और भी बेहतर प्रदर्शन करें। इसके लिए पंचायती राज विभाग द्वारा रामगढ़ जिले में किया जा रहे कार्य की हर महीने मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी एवं पंचायत की रैंकिंग की जाएगी वहीं जिन पंचायत की रैंकिंग अच्छी होगी उन्हें योजनाओं के क्रियान्वयन में प्राथमिकता दी जाएगी।

मौके पर उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग आयोग के माध्यम से रामगढ़ जिले में किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने विधायक रामगढ़ द्वारा गर्मी के मौसम में जलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर कराए गए ध्यान आकृष्ट के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है वही जल्द ही इस संबंध में 15 दिन का पखवाड़ा चलाया जाएगा एवं सुनिश्चित किया जाएगा की जलापूर्ति संबंधित सभी समस्याओं व शिकायतों का निवारण किया जाए।

बताया जाता है कि मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट जिला परिषद श्रेणी में रामगढ़ जिला को प्रथम स्थान 20 लख रुपए एवं प्रशस्ति पत्र, उत्कृष्ट पंचायत समिति श्रेणी प्रखंड में दुलमी प्रखंड को 15 लाख रुपए एवं प्रशस्ति पत्र, स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति श्रेणी प्रखंड में गोला को 15 लाख रुपए एवं प्रशस्ति पत्र, उत्कृष्ट ग्राम पंचायत श्रेणी पंचायत में गोला के बरियातू को 10 लाख रुपए एवं प्रशस्ति पत्र, स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत श्रेणी पंचायत में गोला के कोराम्बे को 10 लाख रुपए एवं प्रशस्ति पत्र, ग्राम सभा श्रेणी में पतरातु के कंडेर को 4 लाख रुपए एवं प्रशस्ति पत्र तथा दुलमी के इचातु को 4 लाख एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त हुआ है। जिसके तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने हेतु जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह, परियोजना पदाधिकारी अजीत कुमार, परियोजना पदाधिकारी फणींद्र कुमार गुप्ता, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी विजय कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर सूरज कुमार को भी सम्मानित किया गया। वहीं प्रखंड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी गोला महेश्वर महतो, दुलमी वासुदेव प्रसाद, चितरपुर विनोद कुमार करमाली, प्रखंड समन्वयक 15वें वित गोला एवं चितरपुर अशोक कुमार, दुलमी पंकज कुमार, मांडू शेखर कुमार, लेखा लिपिक सह कंप्यूटर ऑपरेटर पतरातू राहुल कुमार, प्रखंड समन्वक विक्की कुमार, पंचायत सचिव लिनेट तिर्की, अनीता नागी,  धर्मनाथ केवट, जीवन प्रसाद, वीएलई सुरेंद्र बेदीया, रवि शंकर करमाली, मोहम्मद फैयाज, ओमप्रकाश बेदिया, अमित कुमार सिंह, रानी कुमारी, राजेश करमाली, पंकज कुमार दास, पंचायत सचिव युगेश कुमार, नरेश कुमार निकेतन भी सम्मानित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान स्वागत भाषण उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल और धन्यवाद ज्ञापन पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह ने दिया। वहीं मंच संचालन परियोजना पदाधिकारी फणीन्द्र कुमार गुप्ता के द्वारा किया गया।

By Admin

error: Content is protected !!