रिपोर्ट – एसके सिन्हा
बालूमाथ: थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 22 पर टमटमटोला (पांकी मोड़) के निकट बुधवार को सड़क हादसे में कार सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। जिससे आवागमन बाधित हो गया। मिली के अनुसार चतरा जिला मुख्यालय के शहादत चौक (बिंड मोहल्ला) निवासी मो. जुल्फिकार (30 वर्ष), पिता एकराम अपने भतीजे के साथ कार से रांची से चतरा जा रहे थे। इसी दौरान बालूमाथ थाना क्षेत्र के टमटमटोला (पांकी मोड़) के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक हाईवा के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मो. जुल्फेकार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जाता है कि दुर्घटना में उसका एक पैर टूट गया है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया है। जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने टमटमटोला के पास सड़क जाम कर दिया और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की दो किलोमीटर दूर तक लंबी कतार लग गई। खबर लिखे जाने तक बालूमाथ थाना पुलिस ग्रामीणों को समझा बुझाने का प्रयास कर रही थी।
