| कार क्षतिग्रस्त, एयरबैग खुलने से टली अनहोनी |
भुरकुंडा (रामगढ़): भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत पतरातू-रामगढ़ मुख्य सड़क पर शुक्रवार को सड़क दुघर्टना में पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस पर घायलों को उपचार हेतु रामगढ़ भिजवाया।
मिली जानकारी अनुसार पतरातू निवासी मिथलेश सिंह और उनकी पत्नी मंजू सिंह मारूति स्विफ्ट डिजायर कार (JH 01 DK 4007) पर पतरातू से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इस क्रम में बनगड्डा के पास कार ने एक बाइक में टक्कर मार दी। जिसके बाद कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार करते हुए दूसरे लेन से होते हुए पुनः वापस उसी लेन पर आकर रूक गई। गनिमत यह रही कि दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग खुल गए। जिससे दंपती को मामूली चोटें आई हैं। जबकि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
वहीं कार की टक्कर से बाइक सवार चैनगड्डा निवासी पृथ्वी उरांव को भी काफी चोट लगी है। एंबुलेंस पर तीनों घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।
