रिपोर्ट – एस. अंसारी
ओरमांझी (रांची): देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ शनिवार को ओरमांझी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमे हाथों में तिरंगा थामे बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, गणमान्य, बुद्धिजीवि और आम लोग शामिल रहे। ब्लॉक चौक से शुरू हुई तिरंगा यात्रा विभिन्न रास्तों से होते हुए। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ओरमांझी पहुंचकर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा में राज्यसभा सदस्य आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, अमरनाथ चौधरी, रणधीर चौधरी, विनय कुमार महतो, चतुर साहू, दिलीप मेहता, रोहित साहू, मनोज चौधरी, सत्यदेव मुंडा और रिजवान अंसारी समेत कई लोग शामिल हुए।

यात्रा में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ओरमांझी, स्वर्णरेखा पब्लिक स्कूल पांचा, दिल्ली पब्लिक स्कूल ओरमांझी, आरटीसी विद्यालय सहित क्षेत्र के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगा हाथों में लेकर विद्यार्थी देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ सरीखे देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी यात्रा में भाग लेकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति दायित्वों को निभाने के प्रति साकारात्मक सोच बनाते हैं। तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भागीदारी से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
